सिद्धार्थनगर जिले के इटवा-डुमरियागंज मार्ग पर बुधवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। सेमरा मोड़ स्थित नोवेल हॉस्पिटल के पास बाइक सवार दो सगे भाई ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आ गए। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद छोटे भाई जुबेर (19) की हालत नाजुक होने पर उसे मेडिकल कॉलेज सिद्धार्थनगर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में बांसी के पास उसकी मौत हो गई। वहीं बड़े भाई शोएब (23) का इलाज चल रहा है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। गुरुवार को परिवारीजनों ने मृतक के शव को दफना दिया।
सामने से आई दूसरी बाइक, हैंडल में फंसी बोरी
नगर पंचायत इटवा के स्वयंवर नगर (कमदालालपुर) वार्ड निवासी शोएब पुत्र तनवीर अहमद बुधवार को अपने छोटे भाई जुबेर को बाइक पर बैठाकर किसी काम से डुमरियागंज गए थे। देर रात दोनों भाई बाइक से घर लौट रहे थे। सेमरा मोड़ के पास वे सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्राली को क्रॉस कर रहे थे। इसी दौरान सामने से दूसरी बाइक आ गई। बताया जा रहा है कि दूसरी बाइक के पीछे बोरी बंधी थी। क्रॉस करते समय यह बोरी शोएब की बाइक के हैंडल में फंस गई।
संतुलन बिगड़ा, ट्रैक्टर-ट्राली के नीचे आए दोनों
बोरी के हैंडल में फंसते ही बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। बाइक से गिरते हुए दोनों भाई ट्रैक्टर-ट्राली के नीचे आ गए। ट्रैक्टर-ट्राली का पहिया दोनों के ऊपर चढ़ गया। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल इटवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया।
मेडिकल कॉलेज ले जाते समय जुबेर की मौत
सीएचसी में उपचार के दौरान जुबेर की हालत गंभीर बनी रही। डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज सिद्धार्थनगर रेफर कर दिया। परिवारीजन उसे लेकर मेडिकल कॉलेज जा रहे थे, तभी बांसी के पास उसकी हालत बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया। वहीं शोएब के पैर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। परिवारीजन उसका इलाज करा रहे हैं। छोटे भाई की मौत की खबर घर पहुंचते ही चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गुरुवार को परिवारीजनों ने जुबेर के शव को दफना दिया।
पुलिस को अभी नहीं मिली तहरीर
इटवा थानाध्यक्ष अनिल कुमार दुबे ने बताया कि घटना के संबंध में पुलिस को अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।