सिद्धार्थनगर में प्रेम प्रसंग की रंजिश में युवक की हत्या का खुलासा: तीन आरोपित गिरफ्तार, गड़ासा बरामद
सिद्धार्थनगर जिले के मोहाना थाना क्षेत्र के पिपरहवा गांव में हुई युवक की जघन्य हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त गड़ासा भी बरामद कर लिया है। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश और प्रेम प्रसंग को वजह बताया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश पर थाना मोहाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में शनिवार को तीनों आरोपितों को मगरहिया मोड़ के पास से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान तिवारी लोध (43), रमेश लोध (42) और आनंद लोध (20) निवासी दुल्हा सुमाली टोला, पिपरहवा, थाना मोहाना के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी को न्यायालय भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, थाना मोहाना में दर्ज मुकदमा संख्या 93/2026 की विवेचना के दौरान सामने आया कि मृतक मुकेश गुप्ता का आनंद लोध की बहन उषा से प्रेम संबंध था। आरोप है कि इस संबंध को लेकर अक्टूबर 2025 में उषा ने आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद मुकेश गांव छोड़कर पहले नेपाल और बाद में मुंबई चला गया था। इसी कारण आरोपित उसके प्रति गहरी रंजिश रखते थे और उसकी तलाश में थे। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि 9 जून 2026 को मुकेश के घर लौटने की जानकारी मिलने के बाद हत्या की योजना बनाई गई। तिवारी लोध मुंबई से नौगढ़ पहुंचा, जहां रमेश उसे लेने आया। 16 जून की रात तीनों ने मिलकर वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई। पुलिस के मुताबिक, रमेश ने मुकेश के घर के आसपास निगरानी कर यह जानकारी दी कि वह घर की छत पर अकेला सो रहा है। इसके बाद तिवारी और आनंद चुपके से छत पर पहुंचे। आरोप है कि तिवारी ने मुकेश के पैर पकड़ लिए, जबकि आनंद ने पहले से खरीदे गए गड़ासे से उसकी गर्दन पर वार कर हत्या कर दी। वारदात के दौरान रमेश बाहर खड़ा होकर निगरानी करता रहा। घटना के बाद तीनों मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने बताया कि आरोपितों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त गड़ासा बरामद कर लिया गया है। गिरफ्तार तिवारी लोध के खिलाफ पहले भी हत्या समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिली है। एसएसपी डॉ. अभिषेक महाजन ने बताया कि वैज्ञानिक साक्ष्यों, सर्विलांस और गहन पूछताछ के आधार पर मामले का सफल अनावरण किया गया है। उन्होंने खुलासे में शामिल थाना मोहाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की सराहना की है।
📰 संबंधित खबरें
पीएम किसान की किस्त पहुंची, मखाना खेती पर दिया गया जोर
20 June 2026, 02:15 PM
और पढ़ें →
नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को आजीवन कारावास की कठोर सजा, ₹50 हजार का जुर्माना
20 June 2026, 01:07 PM
और पढ़ें →
इटवा कस्बे में फ्लैग मार्च कर परखी सुरक्षा व्यवस्था, कहा, मोहर्रम पर्व पर खलल डा...
20 June 2026, 12:19 PM
और पढ़ें →
102 मामलों में से सिर्फ 9 मामलों का हुआ निस्तारण, बोले डीएम, मामलों के निस्तारण ...
20 June 2026, 11:10 AM
और पढ़ें →