सिद्धार्थनगर जिले में शासन की मंशा के अनुरूप सोमवार को तहसील शोहरतगढ़ में आयोजित संपूर्ण तहसील समाधान दिवस में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने लंबित शिकायतों और भूमि विवादों को लेकर अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी। जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि तहसील दिवस या आईजीआरएस पर प्राप्त कोई भी शिकायत लंबित नहीं रहनी चाहिए। यदि किसी विभाग की लापरवाही सामने आई तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन भी मौजूद रहे और पुलिस विभाग से जुड़ी शिकायतों की सुनवाई की।
पुरानी शिकायतों की रिपोर्ट देखी, टीम बनाकर जांच के निर्देश
तहसील समाधान दिवस की शुरुआत में जिलाधिकारी ने पिछले समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों की आख्या का अवलोकन किया। रिपोर्ट की समीक्षा के बाद उन्होंने संदिग्ध मामलों की मौके पर जांच के लिए तत्काल जिला स्तरीय टीम गठित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भूमि विवादों का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई से नहीं, बल्कि मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करने के बाद किया जाए।
लेखपाल-कानूनगो को सख्त हिदायत
जिलाधिकारी ने कानूनगो और लेखपालों को निर्देशित किया कि वे भूमि संपत्ति रजिस्टर और भूमि विवाद रजिस्टर अनिवार्य रूप से तैयार करें। उन्होंने कहा कि किसी भी शिकायत पर बिना स्थलीय निरीक्षण के रिपोर्ट न लगाई जाए। शिकायतकर्ता और विपक्षी दोनों की मौजूदगी में निष्पक्ष जांच कर ही आख्या प्रस्तुत की जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
60 शिकायतें पहुंचीं, राजस्व के रहे सबसे अधिक मामले
तहसील समाधान दिवस में कुल 60 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें राजस्व विभाग के 51, पुलिस विभाग के 3, विकास विभाग के 2, विद्युत विभाग के 2, नगर पंचायत का 1 और सिंचाई विभाग का 1 मामला शामिल रहा। मौके पर राजस्व विभाग से संबंधित 5 शिकायतों का निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए तीन दिन के भीतर शत-प्रतिशत गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
आईजीआरएस शिकायतों पर भी फोकस
जिलाधिकारी ने कहा कि तहसील दिवस के साथ-साथ आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का भी समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखें, ताकि लोगों का प्रशासन पर विश्वास और मजबूत हो।
ये अधिकारी रहे मौजूद
समाधान दिवस में पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन, उपजिलाधिकारी शोहरतगढ़ करमेन्द्र, पीडी एवं डीडीओ राजमणि वर्मा, डीसी मनरेगा संदीप सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी वाचस्पति झा, तहसीलदार शोहरतगढ़, क्षेत्र के सभी थानाध्यक्ष, खंड विकास अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मौके पर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।