सिद्धार्थनगर जिले के मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के टेऊवा ग्रांट गांव के टोला मोहम्मद नगर में बुधवार रात खाना बनाते समय रसोई गैस सिलेंडर में आग लग गई। आग देखते ही देखते सिलेंडर तक पहुंच गई और कुछ देर बाद जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट इतना तेज था कि मकान की पक्की दीवारें ढह गईं और ईंटें आसपास बिखर गईं। घर में रखा कपड़ा, बिस्तर, बर्तन, अनाज समेत घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। गनीमत रही कि परिवार के लोग समय रहते मकान से बाहर निकल गए, जिससे हादसे में किसी की जान नहीं गई।
रेगुलेटर में लगी आग, सिलेंडर तक पहुंची लपटें
मोहम्मद नगर निवासी राम दुलारे पुत्र सुकई के मकान के ऊपरी तल पर बुधवार रात करीब 8रू30 बजे उनकी बहू ज्ञानमती देवी खाना बना रही थीं। इसी दौरान अचानक गैस के रेगुलेटर में आग लग गई। ज्ञानमती ने कपड़े की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। देखते ही देखते लपटें गैस सिलेंडर तक पहुंच गईं। आग विकराल होते देख ज्ञानमती देवी ने शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने कथरी, गुदरी और पानी की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सिलेंडर लगातार आग की चपेट में आता गया।
खतरा बढ़ा तो घर छोड़ सड़क पर भागे
सिलेंडर में आग बढ़ने के साथ ही ग्रामीणों को बड़े हादसे का खतरा महसूस हुआ। परिवार के सदस्यों के साथ ग्रामीण भी मकान से नीचे उतरकर सड़क पर भाग गए। इसी दौरान कुछ ही देर बाद सिलेंडर में जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके की आवाज दूर तक सुनाई दी। विस्फोट से मकान की पक्की दीवारों को नुकसान पहुंचा और ईंटें इधर-उधर बिखर गईं। घर में रखा घरेलू सामान भी आग की चपेट में आ गया। अचानक हुए तेज धमाके से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। दहशत में लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए।
समय रहते नीचे पहुंचे, टला बड़ा हादसा
हादसे के समय परिवार के अधिकांश सदस्य निचले तल पर पहुंच चुके थे। इसके बाद सिलेंडर फटने से मकान को नुकसान हुआ, लेकिन किसी के इसकी चपेट में आने से जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद ग्रामीणों ने स्थिति संभाली।
पुलिस बोली- कोई जनहानि नहीं
मिश्रौलिया थानाध्यक्ष रामदेव ने बताया कि सिलेंडर फटने की सूचना मिली है। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।