सिद्धार्थनगर जिले के इटवा थाना क्षेत्र के दुफेडिया गांव में मंगलवार को तालाब में नहाने गए एक किशोर की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
यूं हुई घटना
दुफेडिया गांव निवासी ताबिश (17) पुत्र मोहम्मद जमाल मंगलवार को गांव के कुछ बच्चों के साथ भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए गांव के पूरब स्थित तालाब में नहाने गया था। ग्रामीणों के मुताबिक नहाने के दौरान ताबिश अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथ में मौजूद बच्चों ने शोर मचाकर ग्रामीणों को सूचना दी। बच्चों की आवाज सुनकर ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और किशोर को बचाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। ताबिश तालाब के गहरे पानी में लापता हो गया था। इसके बाद ग्रामीणों ने काफी देर तक तलाश की। काफी मशक्कत के बाद उसका शव तालाब से बाहर निकाला जा सका।
कार्रवाई में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही इटवा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी। किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में भी घटना को लेकर शोक व्याप्त है। मामले में थानाध्यक्ष इटवा संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि किशोर के शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि मृतक के परिजन फिलहाल पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते हैं। मृतक के पिता गोरखपुर गए हुए हैं और उनके लौटने के बाद परिजनों से बातचीत कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।