सिद्धार्थनगर जिले से सटे भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 43वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 33 बोतल अंग्रेजी शराब के साथ एक नेपाली नागरिक को गिरफ्तार किया। ककरहवा चेक पोस्ट पर बस की तलाशी के दौरान शराब बरामद हुई, जिसे जब्त कर आरोपी को अग्रिम कार्रवाई के लिए मोहाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
बस की चेकिंग में खुला तस्करी का राज
एसएसबी की 43वीं वाहिनी ने कस्टम विभाग और उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ संयुक्त रूप से ककरहवा चेक पोस्ट पर व्यक्ति और वाहनों की सघन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान भारत से नेपाल जा रही बस (संख्या LU-2 KH-6833) को रोककर सभी यात्रियों की जांच की गई। चेकिंग के दौरान एक यात्री के बैग की तलाशी लेने पर उसके कपड़ों के बीच अरिस्टोक्रेट प्रीमियम व्हिस्की की नौ बोतलें मिलीं। पूछताछ में यात्री ने बताया कि शराब का एक और कार्टन बस के अंदर रखा हुआ है।
बस से मिला 24 बोतलों का कार्टन
एसएसबी के जवानों ने बस के अंदर तलाशी ली तो सीट के पास रखा एक कार्टन बरामद हुआ। कार्टन खोलने पर उसमें अरिस्टोक्रेट प्रीमियम व्हिस्की की 24 बोतलें मिलीं। इस तरह कुल 33 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई। बरामद सभी बोतलों पर "For Sale in Delhi Only" अंकित था, जिससे प्रथम दृष्टया शराब को अवैध रूप से सीमा पार ले जाने की आशंका जताई गई।
नेपाल का रहने वाला है आरोपी
पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम तूल प्रसाद गजुर्बा (41) पुत्र पदम बहादुर गजुर्बा, निवासी दगनाम, जिला म्यागदी, गंडकी प्रदेश (नेपाल) बताया। एसएसबी ने आरोपी को हिरासत में लेकर जब्त शराब सहित अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए मोहाना थाना पुलिस को सौंप दिया।
सीमा पर लगातार सख्त निगरानी
एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर शराब, मादक पदार्थ, मानव तस्करी, अवैध मुद्रा और वन्यजीव तस्करी जैसी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। सीमा क्षेत्र में चेकिंग और निगरानी को और अधिक सख्त किया गया है, जिसके चलते तस्करी के कई प्रयास लगातार विफल किए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि सीमा पार अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि भारत-नेपाल सीमा पर कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनी रहे।