सिद्धार्थनगर में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक गतिविधियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में रविवार को भनवापुर मंडल की मासिक बैठक मन्नीजोत में मंडल अध्यक्ष गणेश विश्वकर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में संगठन विस्तार, आगामी कार्यक्रमों की रणनीति, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता और केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर विस्तार से चर्चा हुई।
कार्यकर्ताओं को दिया संगठन मजबूत करने का मंत्र
बैठक के मुख्य अतिथि जिला उपाध्यक्ष एवं मंडल प्रभारी विजयकांत चतुर्वेदी ने कहा कि पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसके कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव तक संगठन को मजबूत करने और सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम, डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म और गांवों के विकास से जुड़े विषयों पर भी विस्तार से अपने विचार रखे।
सरकार की उपलब्धियों पर हुई चर्चा
बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों के विकास कार्यों तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार के नौ वर्षों की उपलब्धियों पर भी चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं ने आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। कार्यकर्ताओं से इन योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आग्रह किया गया।
पूर्व विधायक ने गिनाए विकास कार्य
विशिष्ट अतिथि एवं पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने अपने विधायक कार्यकाल (2017-2022) के दौरान विधानसभा क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों और जनहित से जुड़े प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की निरंतरता बनाए रखना और जनता के बीच सक्रिय रहना संगठन की प्राथमिकता होनी चाहिए।
आगामी कार्यक्रमों की बनी रणनीति
बैठक में संगठन के आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श किया गया। कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने, जनसंपर्क अभियान तेज करने और संगठन की जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया गया। अंत में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने का सामूहिक संकल्प लिया गया। बैठक में लवकुश ओझा, शिवरतन अग्रहरि, अशोक पांडेय, दुर्गा राजभर, शत्रुघ्न मिश्रा, लालमन यादव, चंद्रजीत यादव, विजय बहादुर अग्रहरि, अमित चौधरी, सुभाष विश्वकर्मा, राजेश यादव, कन्हैया गौतम, उमेश शुक्ला, नवल पटेल, तुलसीराम अग्रहरि, हरिश्चंद्र चौहान, दीपू सिंह, राम आशीष मोदनवाल, राहुल त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।