सिद्धार्थनगर के डुमरियागंज में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवती की मौत हो गई। युवती अपने भाई के साथ स्कूटी से घर लौट रही थी। इसी दौरान स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई और पीछे से आ रहे ट्रक की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद फरार हुए ट्रक चालक को पुलिस ने करीब पांच किलोमीटर पीछा कर गिरफ्तार कर लिया। हादसा नगर पंचायत डुमरियागंज स्थित शिवम गेस्ट हाउस के सामने हाईवे पर दोपहर करीब तीन बजे हुआ। मृतका की पहचान बस्ती जिले के सोनहा थाना क्षेत्र के बनरही गांव निवासी बेचन प्रसाद की पुत्री साधना (18) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, साधना अपने भाई गोरखनाथ के साथ स्कूटी से घर लौट रही थी। अचानक स्कूटी अनियंत्रित हो गई, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ी। उसी समय पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक (यूपी 42 डीटी 4034) का पहिया उसके सिर पर चढ़ गया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, साधना दो दिन पहले अपने भाई-बहनों के साथ डुमरियागंज के शाहपुर गांव में एक रिश्तेदारी में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने आई थी। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद वह अपने घर वापस लौट रही थी। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस सक्रिय हुई। डुमरियागंज थाने में तैनात कांस्टेबल राहुल यादव ने ट्रक का पीछा किया और करीब पांच किलोमीटर दूर कादिराबाद गांव में ट्रक समेत चालक को पकड़ लिया। थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि ट्रक और चालक को हिरासत में ले लिया गया है। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।