सिद्धार्थनगर जिले में सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और गांव स्तर पर ही लोगों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को तहसील नौगढ़ के विकास खंड बर्डपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत बर्डपुर नंबर-06 में 'ग्राम चौपाल-गांव की समस्या, गांव में समाधान' कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. की अध्यक्षता में आयोजित चौपाल में मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर योजनाओं की जमीनी हकीकत जानी और अधिकारियों को लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
ग्रामीणों से सीधे पूछा, योजनाओं का मिल रहा लाभ या नहीं
चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से एक-एक कर पूछा कि क्या उन्हें केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी मिल रही है और उनका लाभ समय से प्राप्त हो रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए।
श्रम कार्ड, आयुष्मान और पेंशन पर दिया जोर
जिलाधिकारी ने कहा कि श्रम विभाग मात्र 40 रुपये में श्रम कार्ड बना रहा है। पात्र श्रमिक श्रम कार्ड बनवाकर विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठा सकते हैं। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र परिवारों के आयुष्मान कार्ड बनवाने में तेजी लाने के निर्देश दिए और कहा कि इस योजना के माध्यम से पांच लाख रुपये तक का निशुल्क उपचार उपलब्ध है। साथ ही पात्र लाभार्थियों का सत्यापन कर उन्हें समय पर वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन का लाभ उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
राशन वितरण और वरासत मामलों की समीक्षा
जिलाधिकारी ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली की समीक्षा करते हुए स्पष्ट कहा कि राशन वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने राजस्व विभाग को निर्देश दिया कि वरासत (उत्तराधिकार) से जुड़े मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि ग्रामीणों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
अधिकारियों को दोटूक संदेश
चौपाल में मौजूद सभी विभागीय अधिकारियों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार की प्रत्येक जनकल्याणकारी योजना का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना उनकी जिम्मेदारी है। यदि किसी स्तर पर हीलाहवाली, लापरवाही या शिकायत मिली तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ग्राम चौपाल का उद्देश्य केवल शिकायत सुनना नहीं, बल्कि मौके पर समाधान सुनिश्चित करना है।
गर्भवती महिलाओं की कराई गई गोदभराई
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. और मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह ने गर्भवती महिलाओं की पारंपरिक गोदभराई रस्म भी संपन्न कराई। इस दौरान मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी गई और महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच, पोषण तथा संस्थागत प्रसव के प्रति जागरूक किया गया।
कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
ग्राम चौपाल में प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार, जिला विकास अधिकारी राजमणि वर्मा, बीडीओ बर्डपुर, उप कृषि निदेशक राजेश कुमार, जिला कृषि अधिकारी रविशंकर पाण्डेय, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेष कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी वाचस्पति झा, जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता विद्युत ज्ञानप्रकाश, ग्राम पंचायत सचिव मनोहर लाल बरनवाल, ग्राम प्रधान प्रदीप चौधरी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।