सिद्धार्थनगर में पुरानी रंजिश में युवक की हत्या: सात पर नामजद पर मुकदमे की तैयारी, पूर्व विधायक समेत अन्य लोग मौके पर जुटे
सिद्धार्थनगर जिले के भवानीगंज थाना क्षेत्र के भानपुर मस्जिदिया गांव में पुरानी रंजिश और मारपीट की घटना में घायल हुए रामसरन यादव उर्फ तिलठु (55) की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर सात नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की तैयारी शुरू कर दी है।
शुक्रवार रात गांव निवासी किस्मत अली उर्फ भांटे के दो बेटों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था। इसी दौरान पड़ोसी रामसरन यादव बीच-बचाव करने पहुंचे। आरोप है कि विवाद के दौरान किस्मत अली और उसके परिवार के लोगों ने उन पर हमला कर दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई और वह मौके पर ही गिर पड़े। घायल रामसरन को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेंवा ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज बस्ती रेफर कर दिया गया। वहां भी स्थिति में सुधार न होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज गोरखपुर भेजा गया। चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए लखनऊ रेफर कर दिया, लेकिन शनिवार को लखनऊ ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतक के घर पहुंच गए। पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह समेत अन्य जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और न्याय का भरोसा दिलाया। मृतक की पत्नी ने पुरानी रंजिश को घटना की वजह बताते हुए किस्मत अली समेत सात लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सीओ डुमरियागंज बृजेश वर्मा ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले में केस दर्ज कर साक्ष्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।