सिद्धार्थनगर जिले के इटवा में थाने के सामने स्थित रामलीला मैदान में गणेश उत्सव के अवसर पर शुक्रवार रात राधे-राधे ग्रुप की ओर से भव्य रात्रि जागरण कराया गया। सारेगामा स्टार भजन गायक रूपेश मिश्र की भक्ति गीतों से सजी प्रस्तुति ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। देर रात तक चले जागरण में बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग भजनों पर झूमते नजर आए। भक्ति संगीत के साथ कस्बे में धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक रंगों का माहौल देखने को मिला।
चुनरी भेंट कर कलाकारों का सम्मान
कार्यक्रम की शुरुआत से पहले जगराता टोली के सदस्यों का राधे-राधे ग्रुप के सदस्यों ने चुनरी आदि भेंट कर सम्मान किया। इसके बाद भगवान गणेश की मनोरम झांकी निकाली गई। स्तुति, वंदना और आरती के साथ जागरण का औपचारिक शुभारंभ हुआ। मैदान में मौजूद श्रद्धालुओं ने आरती में हिस्सा लेकर गणपति का आशीर्वाद लिया।
रूपेश मिश्र ने बांधा भक्ति का समां
जिले के सारेगामा स्टार भजन गायक रूपेश मिश्र ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को देर रात तक बांधे रखा। उन्होंने ‘मेरी बिगड़ी तो मेरा बाबा ही बनाएगा, पूरा है भरोसा मुझे, लाज वो बचाएगा’ जैसे भजनों से शुरुआत की। इसके बाद ‘गणेश तेरी जय हो, तुझे चाहेगा सारा जमाना’, ‘देखते-देखते क्या हो गया सांवरे’ और ‘नचले-नचले तू यार, बाबा का लगा है दरबार’ जैसे भक्ति गीत प्रस्तुत किए। भजनों के दौरान मैदान में मौजूद श्रद्धालु तालियों के साथ कलाकारों का उत्साह बढ़ाते रहे। देर रात तक भक्ति गीतों की स्वर लहरियां गूंजती रहीं।
गोण्डा के कलाकारों ने भी जमाया रंग
गोण्डा से आईं भजन गायिका दीपिका मिश्रा ने ‘देवा वो देवा, गणपति देवा’ की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्तिरस में डुबो दिया। इसके बाद गोण्डा से आए भजन गायक पंडित रोहित शर्मा ने भी भक्ति गीत प्रस्तुत किए। एक के बाद एक भजनों की प्रस्तुति के बीच श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे।
बच्चे-बुजुर्ग तक भजनों में डूबे
जागरण में हर उम्र के लोगों की भागीदारी रही। युवा और बच्चे जहां भजनों पर उत्साह के साथ झूमते नजर आए, वहीं महिलाएं और बुजुर्ग भी पूरी रात भक्ति गीतों का आनंद लेते रहे। गणेश उत्सव के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में रामलीला मैदान देर रात तक श्रद्धालुओं से गुलजार रहा।
ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री डॉ. सतीश द्विवेदी, नगर पंचायत अध्यक्ष विकास जायसवाल, आयोजक अनिल कसौधन, विनय सोनी, अनिल जायसवाल, रोहन सोनी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष कृष्णा मिश्रा और अमित दुबे समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। आयोजकों ने कार्यक्रम में सहयोग करने वाले लोगों और कलाकारों का आभार जताया।