योग दिवस से पहले बऊरहवा बाबा मंदिर में चला स्वच्छता अभियान: पूर्व मंत्री के नेतृत्व में मंदिर परिसर की हुई व्यापक साफ-सफाई
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन की तैयारियों को लेकर शनिवार को इटवा विधानसभा क्षेत्र के बेलवा मंडल स्थित बऊरहवा बाबा मंदिर परिसर में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। पूर्व मंत्री डॉ. सतीश द्विवेदी के नेतृत्व में खुनियांव ब्लाक कर्मियों के साथ भाजपाईयों ने सहभागिता करते हुए मंदिर परिसर में साफ-सफाई की। अभियान के दौरान मंदिर परिसर में जमा कूड़ा-कचरा हटाया गया तथा कार्यक्रम स्थल को व्यवस्थित और स्वच्छ बनाने का कार्य किया गया। इस दौरान पूर्व मंत्री ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरी दुनिया ने अपनाया है। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का जनआंदोलन है। ऐसे आयोजनों की सफलता के लिए स्वच्छ और सुव्यवस्थित वातावरण आवश्यक है। उन्होंने लोगों से योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है। साथ ही स्वच्छता के प्रति भी जागरूक रहने की अपील की। स्वच्छता अभियान में भाजपा मंडल अध्यक्ष राम सूरत चौरसिया, विजय पाण्डेय, खुनियांव बीडीओ राकेश शुक्ला, प्रभारी एडीओ पंचायत राकेश पाठक, पूर्व ब्लॉक प्रमुख राज किशोर यादव, राम शंकर उपाध्याय, प्रभुनाथ त्रिपाठी, मनोज अग्रहरि, बृजेश दुबे, रंगीलाल सोनी, धर्मेन्द्र मौर्य, आशीष त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।