सिद्धार्थनगर जिले के मोहाना थाना क्षेत्र के बेलहरी गांव में पुरानी रंजिश को लेकर हुई मारपीट में घायल जमाल अहमद की इलाज के दौरान मौत के मामले में पुलिस ने आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी नेपाल भागने की फिराक में थे और सड्डा तिराहे पर सवारी का इंतजार कर रहे थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बताए जा रहे तीन डंडे और एक स्टील पाइप बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक 26 जून 2026 को बेलहरी गांव में दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट हुई थी। इस दौरान जमाल अहमद पुत्र अकबर अली के सिर में चोट लगी थी। मामले में मोहाना थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
दो महीने बाद इलाज के दौरान मौत
मारपीट में घायल जमाल अहमद का इलाज बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में कराया गया। पुलिस के अनुसार, इलाज के बाद 18 जुलाई को उसे अस्पताल से छुट्टी मिली और वह घर लौट आया था। बाद में तबीयत फिर बिगड़ने पर परिजन उसे जिला अस्पताल सिद्धार्थनगर ले गए। वहां से हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर किया गया। परिजनों ने जमाल को लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। वहां 28 और 29 अगस्त की दरमियानी रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने दर्ज मुकदमे में गैर इरादतन हत्या समेत अन्य धाराओं की बढ़ोतरी की।
नेपाल भागने की फिराक में थे आरोपी
पुलिस के अनुसार, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया गया था। मंगलवार को मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमे से संबंधित आरोपी सड्डा तिराहे पर खड़े हैं और नेपाल भागने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही मोहाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आठों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बताए गए बांस का मोटा डंडा, यूकेलिप्टस का डंडा और स्टील पाइप बरामद किया।
गिरफ्तार आरोपियों में 8 नाम
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जुबेर अहमद, क्यूम अहमद, इमरान अहमद, कमरूद्दीन उर्फ रियाज, महबुद उर्फ महबूब, सफीउल्लाह, मोहम्मद आरिफ और हफीजुल्लाह उर्फ हाफू के रूप में हुई है। सभी बर्डपुर नंबर-5 के टोला छोटकी बेलहरी, थाना मोहाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी सफीउल्लाह के खिलाफ वर्ष 2008 में भी मारपीट, घर में घुसकर हमला, तोड़फोड़ और धमकी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज रहा है।
कोर्ट भेजे जा रहे आरोपी
पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के निर्देशन और सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सदर विश्वजीत सौरयान के पर्यवेक्षण में मोहाना पुलिस ने गिरफ्तारी की। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष जितेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक जगतनरायन यादव, उपनिरीक्षक अवधेश कुमार सहित मोहाना थाने के पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर आरोपियों को न्यायालय भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।