सिद्धार्थनगर में भारत-नेपाल सीमा के खुनुवा बॉर्डर पर सुरक्षा एजेंसियों ने गुरुवार रात बड़ी कार्रवाई करते हुए दो ट्रक टैंकर पकड़े हैं। दोनों वाहनों में नेपाल से फ्लाईऐश खाली करने के बाद छिपाकर कद्दू के बीज का मगज और अखरोट लाए जाने की आशंका है। एक ट्रक से 13.84 टन कद्दू के बीज मगज की बरामदगी हुई है, जबकि दूसरे ट्रक से बड़ी मात्रा में अखरोट के पैकेट मिले हैं। बरामद माल की कीमत करोड़ों रुपए में होने की बात कही जा रही है, हालांकि अधिकारियों ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।
चेकपोस्ट पर पहिए दबे दिखे, बढ़ा शक
बताया गया कि दोनों ट्रक नेपाल की ओर से फ्लाईऐश मेटेरियल खाली कर भारत लौट रहे थे। खुनुवा बॉर्डर स्थित कस्टम चेकपोस्ट पर जांच के दौरान वाहनों के पहिए काफी दबे दिखाई दिए। इससे अधिकारियों को ट्रकों में अतिरिक्त वजन होने का शक हुआ। इसके बाद एसएसबी, खुनुवा चौकी पुलिस और कस्टम की संयुक्त टीम ने दोनों वाहनों को रोककर तलाशी शुरू की। गुरुवार रात दोनों ट्रकों को कस्टम कार्यालय के सामने खड़ा कराया गया। शुक्रवार सुबह फ्लाईऐश हटाकर जब अंदर की जांच की गई तो उसमें छिपाकर रखा गया सामान सामने आया।
एक ट्रक से 346 बोरियों में 13.84 टन मगज
जांच के दौरान एक ट्रक से 40 किलो वजन वाली 346 बोरियां मिलीं। इनमें कद्दू के बीज का मगज भरा था। इन बोरियों का कुल वजन करीब 13 हजार 840 किलो यानी 13.84 टन बताया गया है। दूसरे ट्रक की भी तलाशी में अखरोट के पैकेट मिले हैं। फिलहाल संयुक्त टीम ट्रक से एक-एक पैकेट उतारकर उसकी गिनती और वजन करा रही है। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक करीब 10 किलो वजन वाले लगभग 500 पैकेट होने की बात सामने आई है। वास्तविक मात्रा जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
कार्रवाई के दौरान चालक-खलासी फरार
संयुक्त टीम की कार्रवाई के दौरान दोनों वाहनों के चालक और खलासी मौका पाकर फरार हो गए। सुरक्षा एजेंसियां अब वाहनों और बरामद माल के आधार पर तस्करी से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही हैं। दोनों ट्रकों को कब्जे में लेकर सामान की विस्तृत जांच की जा रही है।
कीमत और नेटवर्क पर अधिकारी चुप
बॉर्डर पर एक साथ दो ट्रकों से बड़ी मात्रा में माल पकड़े जाने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मचा है। अधिकारियों ने बरामद माल की कीमत और इसे भारत लाने वाले लोगों के बारे में अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है। कार्रवाई पूरी होने के बाद माल की कुल मात्रा, कीमत और पूरे मामले में शामिल लोगों की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है। नेपाल से आने-जाने वाले मालवाहक वाहनों की लगातार आवाजाही के बीच इस कार्रवाई ने सीमा पर निगरानी व्यवस्था को लेकर भी जांच एजेंसियों का ध्यान खींचा है। फिलहाल एसएसबी, पुलिस और कस्टम की संयुक्त टीम बरामद माल की गिनती और वजन की प्रक्रिया पूरी करने में जुटी है।