सिद्धार्थनगर जिले में मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत महिला थाना सिद्धार्थनगर की टीम ने सोमवार को पारिवारिक विवादों के 15 मामलों में प्रभावी काउंसलिंग कर पति-पत्नी के बीच चल रहे मनमुटाव को दूर कराया। दोनों पक्षों की समस्याएं सुनने और आपसी बातचीत के बाद सभी 15 जोड़ों ने मतभेद खत्म कर साथ रहने पर सहमति जताई। इसके बाद महिला थाना परिसर से सभी जोड़ों को हंसी-खुशी एक साथ विदा किया गया।
पहले सुनी समस्या, फिर कराया संवाद
पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के नेतृत्व, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी विश्वजीत सौरयान के पर्यवेक्षण में महिला थाना स्थित मिशन शक्ति केंद्र की ओर से पारिवारिक विवादों के समाधान के लिए लगातार काउंसलिंग की जा रही है। सोमवार को महिला थाना प्रभारी निरीक्षक भाग्यवती पाण्डेय के नेतृत्व में काउंसलिंग टीम ने विवादों से जुड़े 15 मामलों में दोनों पक्षों को सुना। टीम ने पति-पत्नी के बीच उत्पन्न मतभेदों के कारणों को समझने के बाद आपसी बातचीत और समझाइश के जरिए समाधान निकालने का प्रयास किया।
मतभेद खत्म, साथ रहने पर बनी सहमति
काउंसलिंग के दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे की बात रखी। टीम ने परिवार को टूटने से बचाने और आपसी समझ कायम करने पर जोर दिया। बातचीत के बाद सभी 15 जोड़ों ने अपने मतभेद समाप्त कर साथ रहने की सहमति व्यक्त की। इसके बाद पुलिस टीम ने सभी जोड़ों को शुभकामनाओं के साथ एक साथ विदा किया। महिला थाना की इस पहल को परिवारों को बिखरने से बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
मिशन शक्ति का उद्देश्य परिवार बचाना
पुलिस के अनुसार मिशन शक्ति केंद्र के माध्यम से महिला संबंधी मामलों के साथ पारिवारिक विवादों में भी काउंसलिंग पर जोर दिया जा रहा है। उद्देश्य यह है कि विवादों को बातचीत और समझाइश के जरिए सुलझाया जा सके तथा महिलाओं को सुरक्षित और सम्मानजनक पारिवारिक वातावरण मिल सके।
इन परिवारों में बनी सहमति
काउंसलिंग के बाद साथ भेजे गए 15 जोड़ों में अंजली-अमन (शोहरतगढ़), नूरसवा-मोहम्मद कासिम (डुमरियागंज), पुष्पा-तूफानी (उसका बाजार), कांति-विष्णु (बांसी), सबिता-चंद्रभान (चिल्हिया), किरन-विनोद (बांसी), पुनीता-मदन (इटवा), सबीना-शहजाद (सिद्धार्थनगर), राधा-रोहन (मोहाना), राजिया-नियाज (पथरा बाजार), कमरजहां-अकरम (जोगिया), शुभांति-मुकेश (डुमरियागंज), शिवांगी-अर्जुन पांडेय (चिल्हिया), रेखा-विकास (धर्मसिंहवा, संतकबीरनगर) और खुशबू-बलिराम (बांसी) शामिल रहे। इस कार्य में प्रभारी निरीक्षक भाग्यवती पाण्डेय के साथ महिला हेड कांस्टेबल आशा, महिला हेड कांस्टेबल रीना रावत, महिला आरक्षी प्रियंबदा सिंह, संगीता, शिखा खरवार, प्रगति राय और शिवानी सिंह का योगदान रहा।