सिद्धार्थनगर। दिल्ली से घर लौट रहे एक परिवार की खुशियां गुरुवार तड़के सड़क हादसे में उजड़ गईं। अयोध्या-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर रौनाही थाना क्षेत्र के मुबारकपुर के पास आगे चल रहे कंटेनर में स्कॉर्पियो के पीछे से घुस जाने से सिद्धार्थनगर के एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की खबर जैसे ही मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के चेतिया कस्बे पहुंची, पूरे इलाके में मातम छा गया। मृतकों के घर पर लोगों का तांता लग गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मां-बेटी और नातिन की मौके पर मौत
हादसे में चेतिया कस्बा निवासी 55 वर्षीय दुर्गेश गुप्ता, उनकी 34 वर्षीय पुत्री पिंकी और 14 वर्षीय नातिन परी की मौके पर ही मौत हो गई। तीन पीढ़ियों को एक साथ निगलने वाली इस दुर्घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया।
चार घायल, सभी की हालत चिंताजनक
दुर्घटना में दुर्गेश की पत्नी विजयलक्ष्मी, पुत्र अभिषेक गुप्ता उर्फ रवि, दामाद राधेश्याम और 12 वर्षीय नाती गोलू गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ रेफर किया गया है। चिकित्सकों के अनुसार घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है।
दिल्ली से लौटते समय हुआ हादसा
बताया गया कि दुर्गेश गुप्ता अपनी पत्नी और बेटे के साथ कुछ दिन पहले दिल्ली गए थे, जहां उनके दामाद राधेश्याम परिवार सहित रहते हैं। गुरुवार तड़के पूरा परिवार स्कॉर्पियो से दिल्ली से चेतिया लौट रहा था। सुबह करीब चार बजे रौनाही टोल प्लाजा के पास मुबारकपुर के निकट उनकी गाड़ी आगे चल रहे कंटेनर से पीछे जा टकराई।
टक्कर इतनी भीषण कि उड़ गए परखच्चे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही रौनाही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया।
चेतिया कस्बे में पसरा मातम
दुर्घटना की सूचना मिलते ही चेतिया कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों के घर पर रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। हर कोई इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध नजर आया। स्थानीय लोगों ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की असमय मौत ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है।