उत्तर प्रदेश की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के मानदेय में बढ़ोतरी की घोषणा के बाद मंगलवार को इटवा तहसील सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से हुए कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अयोध्या कार्यक्रम का लाइव प्रसारण दिखाया गया। इसके बाद उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं, सैम/मैम श्रेणी से सामान्य पोषण स्थिति में आए बच्चों के अभिभावकों को भी सम्मान-पत्र दिए गए।
कार्यकत्रियों का मानदेय 8 से 12 हजार
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री डॉ. सतीश द्विवेदी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के मानदेय में बढ़ोतरी की घोषणा की है। अब आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को 8 हजार की जगह 12 हजार रुपए और सहायिकाओं को 4 हजार की जगह 6 हजार रुपए मानदेय मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता बच्चों को कुपोषण से मुक्त कर स्वस्थ और मजबूत बनाना है।
गांव-गांव योजनाएं पहुंचाने में अहम भूमिका
पूर्व मंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य के साथ प्रारंभिक शिक्षा पर भी काम किया जाता है। इसके अलावा गर्भवती और धात्री महिलाओं को पोषण संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक करने में भी कार्यकत्रियां जिम्मेदारी निभाती हैं।
कुपोषण से लड़ाई में परिवार की भागीदारी जरूरी
डॉ. सतीश द्विवेदी ने कहा कि कुपोषण के खिलाफ लड़ाई केवल सरकारी प्रयासों से पूरी नहीं हो सकती। इसमें अभिभावकों और समाज की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने सैम/मैम श्रेणी से सामान्य पोषण स्थिति में आए बच्चों के अभिभावकों की सराहना करते हुए कहा कि परिवार की जागरूकता और नियमित देखभाल से बच्चों के स्वास्थ्य में बड़ा सुधार संभव है।
बेहतर काम करने वालों को सम्मान
कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों की सेवाओं को प्रभावी बनाने में कार्यकत्रियों की सक्रिय भूमिका जरूरी है। बच्चों के पोषण स्तर में सुधार के लिए विभागीय योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष इटवा विकास जायसवाल, जिला उपाध्यक्ष कृष्णा मिश्रा, सीडीपीओ अरशद, सीडीपीओ मंजूलता गौतम, बलराम मिश्रा, दीप नारायण त्रिपाठी, गुड्डू यादव, माया मिश्रा और अजय पांडेय समेत विभागीय कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और अन्य लोग मौजूद रहे।