सिद्धार्थनगर में पुलिस व्यवस्था की समीक्षा के लिए क्षेत्राधिकारी इटवा पवीन प्रकाश ने बुधवार को थाना गोल्हौरा का आकस्मिक निरीक्षण किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के आदेश और अपर पुलिस अधीक्षक प्रशान्त कुमार प्रसाद के निर्देशन में हुए निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की व्यवस्थाएं और अभिलेखों की स्थिति देखी गई।
मालखाना से महिला हेल्पडेस्क तक जांच
सीओ ने मालखाना, शस्त्र कक्ष, थाना कार्यालय, महिला हेल्पडेस्क, साइबर हेल्पडेस्क और सीसीटीएनएस कार्यालय का निरीक्षण किया। थाने के विभिन्न रजिस्टरों का अवलोकन कर संबंधित पुलिसकर्मियों को रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने और आवश्यक कार्रवाई समय से पूरा करने के निर्देश दिए। थाना मेस और बैरक की व्यवस्थाएं भी देखीं गईं। निरीक्षण के दौरान प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्रा समेत अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
मिश्रौलिया में लंबित विवेचनाओं की समीक्षा
इसके बाद सीओ ने थाना मिश्रौलिया में विवेचकगण के साथ अर्दली रूम और अपराध समीक्षा गोष्ठी की। बैठक में लंबित विवेचनाओं की समीक्षा कर उनके जल्द निस्तारण के निर्देश दिए गए। साइबर से संबंधित प्रार्थना पत्रों पर प्रभावी कार्रवाई करने को भी कहा गया।
अपराधियों के सत्यापन पर जोर
सीओ ने यक्ष ऐप पर बीट सूचना पर टिप्पणी अंकित करने और क्षेत्र के अपराधियों का सत्यापन करने के निर्देश दिए। साथ ही आगामी त्योहारों को देखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने और क्षेत्र में सतर्कता बढ़ाने को कहा गया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि थाना स्तर पर नियमित निरीक्षण और समीक्षा का उद्देश्य व्यवस्थाओं को बेहतर करने के साथ लंबित मामलों के निस्तारण और अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाना है।