सिद्धार्थनगर का अपना समाचार संसार
👤
होम एडमिनिस्ट्रेटिव कंर्टोवर्सी कॉरपोरेट एक्सीडेंट करप्शन डोमेस्टिक वाइलेंस मर्डर रेड रेप रॉबरी सुसाइड क्राइम (अन्य) एजुकेशन हेल्थ अपडेट मोटिवेशनल नेचुरल क्लेमिटी पॉलिटिकल प्रोटेस्ट रिलीजन सोशल वेलफेयर स्टार्टअप ट्रैवेल अन्य

सिद्धार्थनगर में स्कूलों की सुरक्षा पर सवाल: गनवरिय पश्चिम प्राथमिक विद्यालय से सिलेंडर, अनाज और शिक्षण सामग्री चोरी, जांच में जुटी पुलिस

गनवरिय पश्चिम प्राथमिक विद्यालय से सिलेंडर, अनाज और शिक्षण सामग्री चोरी, जांच में जुटी पुलिस

सिद्धार्थनगर जिले में परिषदीय विद्यालयों को चोर लगातार निशाना बना रहे हैं। ताजा मामला इटवा थाना क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय गनवरिय पश्चिम का है, जहां बुधवार रात चोरों ने स्कूल का ताला तोड़कर रसोई गैस सिलेंडर, अनाज और शिक्षण सामग्री समेत अन्य सामान चोरी कर लिया। घटना के बाद शिक्षकों में नाराजगी है और उन्होंने स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।


गुरुवार सुबह विद्यालय पहुंचे शिक्षकों को घटना की जानकारी हुई। स्कूल के शिक्षक बृजेन्द्र प्रताप ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि चोरों ने विद्यालय के रसोईघर और कार्यालय का ताला तोड़ दिया। इसके बाद वहां रखा एक रसोई गैस सिलेंडर, चार बोरी अनाज, एक साउंड सिस्टम, कड़ाही, भगौना तथा आंगनबाड़ी किट में रखी खेल और शिक्षण सामग्री उठा ले गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। इटवा थाना प्रभारी संजय मिश्रा ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस टीम को जांच के निर्देश दिए गए हैं और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।


इधर, परिषदीय विद्यालयों में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर शिक्षकों में रोष है। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के जिलाध्यक्ष आदित्य शुक्ला ने कहा कि सरकार विद्यालयों में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, लेकिन उनकी सुरक्षा के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं है। उन्होंने कहा कि आए दिन स्कूल चोरों के निशाने पर हैं, जिससे सरकारी संपत्ति के साथ-साथ बच्चों की शैक्षणिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं।

उन्होंने परिषदीय विद्यालयों में चौकीदारों की तैनाती की मांग करते हुए पुलिस प्रशासन से चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों के सरकारी स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।