सिद्धार्थनगर जिले के मिश्रौलिया थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह हाई वोल्टेज बिजली के गिरे तार की चपेट में आने से एक दुधारू मुर्रा भैंस की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे से पशुपालक को करीब 80 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। वहीं, बिजली विभाग और राजस्व विभाग को भी घटना से अवगत कराया गया है।
बांध पर चर रही थी भैंस
मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के होरिलापुर गांव निवासी सुखदेव पाल पुत्र रघुवर पाल बुधवार सुबह अपनी मुर्रा भैंस को गांव के उत्तर-पूर्व स्थित नदी के बांध पर चराने ले गए थे। इसी दौरान घास चरते-चरते भैंस वहां पहले से गिरे 11 हजार वोल्ट के बिजली के तार के संपर्क में आ गई। उस समय लाइन में बिजली आपूर्ति जारी थी, जिससे करंट लगते ही भैंस ने मौके पर दम तोड़ दिया।
बिजली विभाग पर लापरवाही का सवाल
परिजनों का कहना है कि मृत मुर्रा भैंस की कीमत करीब 80 हजार रुपये थी। उनका आरोप है कि हाई वोल्टेज लाइन का तार पहले से जमीन पर गिरा हुआ था, जिससे यह हादसा हुआ। घटना के बाद परिवार को आर्थिक नुकसान के साथ गहरा झटका लगा है।
पुलिस और राजस्व विभाग ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही मिश्रौलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं, हल्का लेखपाल और बेलवा पावर हाउस को भी सूचना दे दी गई है। राजस्व विभाग और बिजली विभाग की ओर से मामले की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई और क्षतिपूर्ति से संबंधित निर्णय लिया जाएगा।