सिद्धार्थनगर के शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर सड़क पटरी से नीचे उतर गया और पेड़ से जा टकराया। हादसे में ई-रिक्शा चालक समेत चार लोग घायल हो गए। हादसा खुनुवा-शोहरतगढ़ मार्ग पर रमवापुर तिवारी के पास हुआ। टक्कर के बाद ई-रिक्शा गहरे पानी की तरफ जाने से बाल-बाल बच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शोहरतगढ़ पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
सामने आई बाइक, बचाने में बिगड़ा संतुलन
पुलिस के अनुसार पैकी निवासी जाबिद अली (55) पुत्र हुकुम दार ई-रिक्शा लेकर शोहरतगढ़ से सवारियां बैठाकर खुनुवा की ओर जा रहे थे। रमवापुर तिवारी के पास सामने से एक मोटरसाइकिल आ गई। बाइक को बचाने के प्रयास में ई-रिक्शा का संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद ई-रिक्शा सड़क से नीचे पटरी पर उतर गया और वहां लगे पेड़ से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही ई-रिक्शा में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
चालक समेत तीन सवारियां घायल
हादसे में ई-रिक्शा चालक जाबिद अली के अलावा इटवा क्षेत्र के कपिया निवासी सुखराजी (55) पत्नी संवारें प्रजापति और कलावती (45) पत्नी बबलू घायल हुईं। इनके साथ एक 10 वर्षीय बच्ची भी घायल हुई है। हादसे में चारों को चोटें आईं। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजने की व्यवस्था की।
गहरे पानी में जाने से बचा ई-रिक्शा
हादसे के बाद ई-रिक्शा सड़क के नीचे पहुंच गया था। घटनास्थल के पास गहरा पानी होने के कारण स्थिति गंभीर हो सकती थी। हालांकि ई-रिक्शा पानी में जाने से पहले ही पेड़ से टकराकर रुक गया। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
पुलिस ने एंबुलेंस से पहुंचाया अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक हरेंद्र शरण शुक्ल, दिनेश यादव समेत पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी शोहरतगढ़ भेजा। अस्पताल में चारों का उपचार चल रहा है। हादसे के बाद पुलिस ने घटनास्थल की जानकारी जुटाई और दुर्घटना के कारणों की जांच की।