सिद्धार्थनगर जिले की त्रिलोकपुर थाना पुलिस ने नाबालिग किशोरी को शादी का झांसा देकर भगाने और दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। आरोपी को मंगलवार को थाना क्षेत्र के दोपेड़वा तिराहे के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने तहरीर देकर बताया था कि उसकी नाबालिग पुत्री 23 जून की रात अचानक घर से लापता हो गई थी। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका। पीड़ित पिता ने आरोप लगाया था कि ढेबरुआ थाना क्षेत्र के रेकहट गांव निवासी अमित कुमार उसकी पुत्री को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया।
जेवर और नकदी ले जाने का भी आरोप
तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया कि घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण और करीब डेढ़ लाख रुपये नकद भी गायब हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 87, 137(2) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5/6 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना में दुष्कर्म की पुष्टि
पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना के दौरान किशोरी के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई, जिसके बाद आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 64(2) भी बढ़ाई गई। इसके बाद पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुट गई।
दोपेड़वा तिराहे से हुई गिरफ्तारी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक कुमार महाजन के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशान्त कुमार प्रसाद और क्षेत्राधिकारी डुमरियागंज बृजेश कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक हरेकृष्ण उपाध्याय के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। बिस्कोहर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अमित कुमार शाही ने टीम के साथ दबिश देकर आरोपी अमित कुमार पुत्र किशन निवासी रेकहट, थाना ढेबरुआ को दोपेड़वा तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश कर दिया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अमित कुमार शाही के साथ आरक्षी अजय यादव और राहुल यादव शामिल रहे।