TaraiTimes
सिद्धार्थनगर का अपना समाचार संसार
होम एडमिनिस्ट्रेटिव कंर्टोवर्सी कॉरपोरेट एक्सीडेंट करप्शन डोमेस्टिक वाइलेंस मर्डर रेड रेप रॉबरी सुसाइड क्राइम (अन्य) एजुकेशन हेल्थ अपडेट मोटिवेशनल नेचुरल क्लेमिटी पॉलिटिकल प्रोटेस्ट रिलीजन सोशल वेलफेयर स्टार्टअप ट्रैवेल अन्य
🔐 स्टाफ लॉगिन

सिद्धार्थनगर में बारिश भी नहीं डिगा सकी अकीदत: हज़रत शुऐबुल औलिया के 60वें उर्स में उमड़ा जनसैलाब; 86 छात्रों की दस्तारबंदी

हज़रत शुऐबुल औलिया के 60वें उर्स में उमड़ा जनसैलाब; 86 छात्रों की दस्तारबंदी

सिद्धार्थनगर जिले के गोल्हौरा थाना क्षेत्र के बरांव स्थित दारुल उलूम फ़ैजुर रसूल एवं खानकाह फ़ैजुर रसूल के संस्थापक हज़रत शुऐबुल औलिया अलैहिर्रहमा का 60वां सालाना उर्स बुधवार की रात दीनी रूहानियत, अकीदत और अनुशासन के माहौल में संपन्न हुआ। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे उलेमा, मशाइख़, इमाम, हाफिज़ और हजारों अकीदतमंदों ने बारगाह में हाज़िरी देकर ख़िराज-ए-अकीदत पेश किया। तेज बारिश के बावजूद देर रात तक महफ़िल में श्रद्धालुओं की मौजूदगी बनी रही।

चादर और गागर शरीफ के जुलूस से हुआ आगाज

उर्स की केंद्रीय तकरीबात की सरपरस्ती सज्जादा नशीन खानकाह फ़ैजुर रसूल एवं नाज़िम-ए-आला दारुल उलूम फ़ैजुर रसूल अल्लामा गुलाम अब्दुल क़ादिर अलवी ने की, जबकि सदारत पीर मुफ़्ती मुहम्मद आसिफ़ अलवी अज़हरी ने की। कार्यक्रम का संचालन मौलाना इश्तियाक़ अहमद क़ादरी ने किया। बाद नमाज़-ए-मग़रिब चादर और गागर शरीफ़ के पारंपरिक जुलूस के साथ उर्स का शुभारंभ हुआ। सज्जादा नशीन अल्लामा गुलाम अब्दुल क़ादिर अलवी ने अपने पुत्रों के साथ जुलूस की अगुवाई की। बारगाह पर फ़ातेहा ख़्वानी, नअत व मनक़बत पेश की गई तथा देश, समाज और पूरी उम्मत की सलामती व अमन-चैन के लिए विशेष दुआ कराई गई।

'दीनी तालीम का प्रसार ही सच्ची श्रद्धांजलि'

जलसा-ए-उर्स को संबोधित करते हुए अल्लामा गुलाम अब्दुल क़ादिर अलवी ने कहा कि हज़रत शुऐबुल औलिया ने अपना पूरा जीवन दीन-ए-इस्लाम की ख़िदमत, क़ुरआन और सुन्नत की तालीम, उलेमा की तरबियत तथा समाज के इस्लाह के लिए समर्पित किया। उन्होंने कहा कि आज के दौर में दीनी इदारों को मजबूत करना और सही शिक्षा का प्रसार करना ही उनके मिशन को आगे बढ़ाने और उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि देने का सबसे बेहतर माध्यम है।

नई इल्मी किताबों का हुआ विमोचन

उर्स के दौरान "हयात-ए-शैख़ुल मशाइख़", "शुऐब औलिया : एक तआरुफ़", "अरक़-ए-गुलाब दर ज़िक्र-ए-शिहाब" और "ईज़ाहुल मक़ासिद" सहित चार नई इल्मी पुस्तकों का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत क़ारी मुहम्मद मुनव्वर क़ादरी की तिलावत-ए-क़ुरआन से हुई, जबकि सद्दाम राही, फ़ैज़ान शाही, गुलज़ार नेपाली, नेमत सिद्दीकी और दारुल उलूम के छात्रों ने नातिया कलाम और मंज़ूम नज़राना-ए-अकीदत पेश किया।

86 छात्रों की दस्तारबंदी, दीन की खिदमत का संदेश

रात 1:25 बजे कुल शरीफ़ की महफ़िल आयोजित हुई, जिसमें पीर मुफ़्ती मुहम्मद आसिफ़ अलवी अज़हरी ने मुल्क, मिल्लत, ज़ायरीन और पूरी उम्मत की सलामती के लिए दुआ कराई। इस अवसर पर दारुल उलूम के विभिन्न विभागों से शिक्षा पूरी करने वाले 86 छात्रों की फ़रागत का एलान किया गया। इसके बाद आयोजित दस्तारबंदी समारोह में उलेमा और मशाइख़ ने फ़ारिग़ीन के सिर पर दस्तार-ए-फ़ज़ीलत बांधकर उन्हें दीन, अख़लाक़ और समाज सेवा के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।

उलेमा ने बताई संस्थान की अहमियत

जलसा-ए-उर्स को अल्लामा मुईनुद्दीन क़ादरी, मुफ़्ती अज़हार अमजदी, अल्लामा अरशद क़ादरी, मुफ़्ती शम्सुल क़मर फ़ैज़ी तथा इंदौर से आए अल्लामा मुफ़्ती अनवार अहमद क़ादरी समेत कई उलेमा ने संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि दारुल उलूम फ़ैजुर रसूल आज भी देश-विदेश में इस्लामी शिक्षा का महत्वपूर्ण केंद्र है और यहां से शिक्षा प्राप्त करने वाले उलेमा समाज में दीन और इंसानियत की सेवा कर रहे हैं।उर्स के सफल आयोजन में दारुल उलूम के शिक्षकों, प्रबंधकों, ख़ुद्दाम और स्वयंसेवकों ने सक्रिय भूमिका निभाई। वहीं पुलिस और जिला प्रशासन के सहयोग से पूरा आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। समापन पर आयोजकों ने सभी अतिथियों, प्रशासन, पुलिस और अकीदतमंदों का आभार व्यक्त किया।

संबंधित खबरें

अन्य 📍 सिद्धार्थनगर

सिद्धार्थनगर में धान रोपाई के बीच कहर बनकर गिरी आकाशीय बिजली: खेत में काम कर रहे किसान की मौत; परिवार में मचा कोहराम

और पढ़ें →
खेत में काम कर रहे किसान की मौत; परिवार में मचा कोहराम
अन्य 📍 Itwa, Siddharthnagar

बिस्कोहर में मना एबीवीपी का स्थापना दिवस: चेयरमैन बोले-युवा शक्ति ही राष्ट्र निर्माण की असली ताकत, छात्र नेतृत्व और सामाजिक दायित्व...

और पढ़ें →
 चेयरमैन बोले-युवा शक्ति ही राष्ट्र निर्माण की असली ताकत, छात्र नेतृत्व और सामाजिक दायित्व का दिया संदेश
अन्य 📍 डुमरियागंज/ अनिल सिंह

सिद्धार्थनगर में 25 लाख की सौगात: वटवासिनी देवी मंदिर तक बनेगी सीसी रोड, श्रद्धालुओं का सफर होगा आसान

और पढ़ें →
 वटवासिनी देवी मंदिर तक बनेगी सीसी रोड, श्रद्धालुओं का सफर होगा आसान
अन्य 📍 इटवा...मोहम्मद अमीर

बरांव शरीफ में आज सजेगी आस्था की महफिल: 60वें उर्स में उमड़ेंगे हजारों अकीदतमंद, होगी दस्तारबंदी और चादरपोशी

और पढ़ें →
60वें उर्स में उमड़ेंगे हजारों अकीदतमंद, होगी दस्तारबंदी और चादरपोशी