सिद्धार्थनगर से सटे भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लोटन थाना पुलिस को रविवार बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इंडो-नेपाल बॉर्डर पर चेकिंग के दौरान नेपाल ले जाई जा रही 63.44 लीटर स्प्राइट कोल्ड ड्रिंक बरामद करते हुए एक नेपाली नागरिक को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी कब्जे में ले ली गई। बरामद माल को अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय ककरहवा भेज दिया गया है।
बॉर्डर की पगडंडी पर पकड़ा गया आरोपी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश पर जिले में अपराध नियंत्रण और सीमा पार तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी सदर विश्वजीत सौरयान के पर्यवेक्षण में लोटन थाना पुलिस ने रविवार को करमैनी मोड़ से नेपाल जाने वाली पगडंडी पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें बड़ी मात्रा में स्प्राइट कोल्ड ड्रिंक बरामद हुई। पुलिस ने मौके से आरोपी को हिरासत में ले लिया।
56 छोटी और 11 बड़ी बोतलें बरामद
पुलिस के अनुसार बरामद माल में एक बोरे में रखी 740 मिलीलीटर क्षमता की 56 बोतलें तथा दो झोलों में रखी 2-2 लीटर क्षमता की 11 बोतलें शामिल हैं। कुल मिलाकर 63.44 लीटर स्प्राइट बरामद की गई। साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई।
नेपाली नागरिक निकला आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अखिलेश यादव, पुत्र तीरथ यादव, निवासी कोटही माई, थाना लुम्बिनी, जनपद रूपनदेही (नेपाल) के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ के बाद पुलिस ने बरामद माल और आरोपी को आवश्यक कार्रवाई के लिए कस्टम विभाग के सुपुर्द कर दिया।
कस्टम अधिनियम के तहत कार्रवाई
लोटन पुलिस ने बताया कि बरामदगी के संबंध में कस्टम अधिनियम की धारा-11 के तहत कार्रवाई करते हुए पूरा मामला कस्टम कार्यालय ककरहवा भेज दिया गया है। सीमा क्षेत्र में तस्करी रोकने के लिए पुलिस और अन्य एजेंसियों की संयुक्त निगरानी आगे भी जारी रहेगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि भारत-नेपाल सीमा पर अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और तस्करी में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।