सिद्धार्थनगर जिले में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत शनिवार को विकास खंड खुनियांव में ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस (वीएचएसएनडी) का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य उपकेंद्रों और ग्राम पंचायतों में आयोजित सत्रों के दौरान गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और जन्म से पांच वर्ष तक के बच्चों को टीकाकरण, स्वास्थ्य परीक्षण और पोषण संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने 455 बच्चों और 97 गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण किया।
टीकाकरण के साथ स्वास्थ्य जांच भी
वीएचएसएनडी सत्रों में बच्चों के नियमित टीकाकरण के साथ गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण, वजन और रक्तचाप की जांच की गई। उन्हें आयरन और कैल्शियम की गोलियां भी वितरित की गईं। स्वास्थ्य कर्मियों ने सुरक्षित मातृत्व, संस्थागत प्रसव, नवजात की देखभाल, स्तनपान, पूरक आहार, स्वच्छता और कुपोषण से बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी देकर लाभार्थियों को जागरूक किया।
अफसरों ने मौके पर पहुंचकर परखी व्यवस्था
कार्यक्रम की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खुनियांव के अधीक्षक डॉ. पी.एन. यादव, ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर अरविंद त्रिपाठी और ब्लॉक कम्युनिटी प्रोसेस मैनेजर महेंद्र कुमार ने विभिन्न वीएचएसएनडी सत्र स्थलों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने लाभार्थियों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता की जानकारी ली और टीकाकरण, वैक्सीन उपलब्धता, रिकॉर्ड संधारण तथा सत्र संचालन की व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
कोई पात्र लाभार्थी नहीं छूटना चाहिए
निरीक्षण के दौरान एएनएम, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए कि क्षेत्र का कोई भी पात्र बच्चा या गर्भवती महिला टीकाकरण एवं अन्य स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित न रहे। अधिकारियों ने छूटे हुए लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें अगले सत्र में अनिवार्य रूप से लाभान्वित करने पर विशेष जोर दिया।
नियमित टीकाकरण पर दिया जोर
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. पी.एन. यादव ने कहा कि नियमित टीकाकरण बच्चों को कई गंभीर बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करता है। वहीं गर्भावस्था के दौरान समय पर स्वास्थ्य जांच और टीकाकरण मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर अरविंद त्रिपाठी ने बताया कि सभी वीएचएसएनडी सत्रों की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि स्वास्थ्य सेवाएं गुणवत्तापूर्ण ढंग से लाभार्थियों तक पहुंच सकें। वहीं ब्लॉक कम्युनिटी प्रोसेस मैनेजर महेंद्र कुमार ने अभिभावकों और गर्भवती महिलाओं से अपील की कि वे निर्धारित तिथियों पर स्वास्थ्य केंद्रों पर पहुंचकर सभी आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ अवश्य लें।