सिद्धार्थनगर जिले के विधानसभा क्षेत्र 305 इटवा अंतर्गत ब्लॉक भनवापुर के ग्राम कमसार में रविवार को प्रधानमंत्री के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 135वें संस्करण का सामूहिक श्रवण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री डॉ. सतीश द्विवेदी ने ग्रामवासियों के साथ बैठकर प्रसारण सुना और उपस्थित लोगों को संबोधित किया।
इस दौरान पूर्व मंत्री ने गांव के वरिष्ठ नागरिकों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया और उनके सामाजिक योगदान की सराहना की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता देखने को मिली।
‘मन की बात’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आत्मनिर्भर भारत की प्रगति, स्वदेशी रक्षा उत्पादन और विमानन क्षेत्र की उपलब्धियों, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर योग की बढ़ती पहचान, पर्यावरण संरक्षण, भारतीय ज्ञान परंपरा तथा ‘वोकल फॉर लोकल’ जैसे विषयों पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए नागरिकों से सकारात्मक योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर डॉ. सतीश द्विवेदी ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं बल्कि देशवासियों और प्रधानमंत्री के बीच आत्मीय संवाद का माध्यम बन गया है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम समाज में हो रहे प्रेरणादायी कार्यों को नई पहचान देता है और लोगों को राष्ट्रहित में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है।
उन्होंने उपस्थित लोगों से प्रधानमंत्री के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
कार्यक्रम में नगर पंचायत बिस्कोहर अध्यक्ष अजय गुप्ता, सभासद दीप नारायण तिवारी, जिला पंचायत सदस्य प्रदीप कशौधन, शिव कुमार तिवारी सहित अनेक स्थानीय ग्रामवासी उपस्थित रहे।