सिद्धार्थनगर जिले के उस्का बाजार ब्लॉक में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के ब्लॉक मिशन मैनेजर को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए एंटी करप्शन टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई बुधवार को ब्लॉक कार्यालय परिसर में की गई। आरोपी पर ब्लॉक में आपूर्ति किए गए सामानों के भुगतान के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है। गिरफ्तारी के बाद एंटी करप्शन टीम आरोपी को सिद्धार्थनगर थाने ले गई, जहां भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आवश्यक विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई।
सप्लायर की शिकायत पर बिछाया गया जाल
जानकारी के अनुसार, गोरखपुर जिले के खजनी थाना क्षेत्र के सरया तिवारी गांव निवासी पंकज कुमार उस्का बाजार ब्लॉक में ब्लॉक मिशन मैनेजर के पद पर तैनात हैं। बांसी थाना क्षेत्र के बलुआ गांव निवासी सप्लायर राजेश कुमार ने एंटी करप्शन टीम से शिकायत की थी कि ब्लॉक में आपूर्ति किए गए सामानों का भुगतान कराने के लिए उनसे 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है। शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने योजना बनाकर शिकायतकर्ता के माध्यम से कार्रवाई की। बुधवार को टीम ब्लॉक कार्यालय पहुंची और जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी को रुपये दिए, टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
गिरफ्तारी से ब्लॉक कार्यालय में मचा हड़कंप
कार्रवाई की सूचना मिलते ही ब्लॉक कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एंटी करप्शन टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और आगे की कार्रवाई के लिए सिद्धार्थनगर थाने पहुंची। थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करने और अन्य औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
अधिकारियों ने दी यह जानकारी
खंड विकास अधिकारी ओमप्रकाश गुप्त ने बताया कि घटना के समय वह ब्लॉक मुख्यालय से बाहर थे। उन्हें मामले की जानकारी बाद में मिली है और पूरे प्रकरण की जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं सिद्धार्थनगर थाने के क्राइम इंस्पेक्टर रामा यादव ने बताया कि एंटी करप्शन टीम आरोपी को थाने लेकर आई है। आवश्यक लिखापढ़ी और विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई एंटी करप्शन टीम और संबंधित एजेंसियों द्वारा नियमानुसार की जाएगी।